हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के नगला अलगर्जी में संदिग्ध परिस्थितियों में एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद चिकित्सकों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार नगला अलगर्जी निवासी दीपक की 25 वर्षीय पत्नी नीतू की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर आए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया गया है कि नीतू की शादी वर्ष 2021 में हुई थी और वह नौ माह की गर्भवती थी।
महिला की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वह अपने पीछे एक मासूम बच्ची को छोड़ गई है। घटना की सूचना मृतका के मायके पक्ष को दे दी गई है। मृतका का मायका जनपद एटा के थाना निधौली कला क्षेत्र के नगला दलू गांव में बताया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।







