सिकंदराराऊ।महादेव मंदिर का प्रथम स्थापना दिवस बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर का जन्म उत्सव आयोजित किया गया, जिसमें तहसील के समस्त अधिकारीगण और सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
बताया जा रहा है कि तहसील परिसर में वर्षों से किसी मंदिर की व्यवस्था नहीं थी। इसी को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने मिलकर यहां महादेव मंदिर का निर्माण कराया था, जिसे आज एक वर्ष पूरा हो गया है।
उप जिलाधिकारी संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी अधिकारियों ने मिलकर इस मंदिर के निर्माण का संकल्प लिया था, ताकि तहसील परिसर में आने वाले लोगों को धार्मिक वातावरण और आस्था का केंद्र मिल सके।
वहीं नायब तहसीलदार राकेश शर्मा ने बताया कि मंदिर के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य पूजा-अर्चना, प्रसादी वितरण और शिव विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
शिव विवाह के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। चारों ओर भगवान भोलेनाथ के जयकारे गूंज उठे और श्रद्धालु भक्ति गीतों एवं कीर्तन पर झूमते नजर आए।
फिलहाल, सिकंदरा राव तहसील परिसर का यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम बन गया।









