हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के सिकंदराराऊ रोड पर गुरुवार को एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा चालक ने बाइक सवार अधेड़ व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने घायल को तत्काल 102 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया।
बताया गया है कि नगला आलिया निवासी 50 वर्षीय लाल कुमार पुत्र राम खिलाड़ी किसी काम से बाइक द्वारा हाथरस की ओर आ रहे थे। तभी सिकंदराराऊ रोड पर एक ई-रिक्शा चालक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ रेफर कर दिया।









