हाथरस।सिकंद्राराऊ थाना क्षेत्र के कस्बे में ग्राहक को सामान बेचने को लेकर दो समुदायों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना जीटी रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के निकट की है, जहां दोनों समुदायों की दुकानें आसपास बनी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार आज दिनांक 20 जनवरी, मंगलवार को सुबह करीब 10 बजे एक ग्राहक सामान खरीदने के लिए पहुंचा था। आरोप है कि जैसे ही ग्राहक एक दुकान पर सामान लेने लगा, तभी दूसरे समुदाय के व्यक्ति ने ग्राहक को सामान बेचने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर मारपीट हो गई, जिसमें मौके पर तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, वहीं दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों के अनुसार घायलों में से एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।







