हाथरस जनपद के कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव जलालपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गांव में घर के बाहर खेल रही 13 वर्षीय बच्ची पर अचानक एक कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते के हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि कुत्ते ने बच्ची के चेहरे पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया।
घटना के समय बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी अचानक वहां एक आवारा कुत्ता आ गया और उस पर झपट पड़ा। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को भगाया। इसके बाद घायल बच्ची को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज जारी है। फिलहाल बच्ची की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।
आपको बता दें कि जनपद हाथरस में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोग दहशत में हैं। जिला अस्पताल में रोजाना कुत्ते के काटने से घायल कई मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। इसके बावजूद संबंधित विभागों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर जल्द नियंत्रण करने की मांग की है।







