हाथरस।आज दिनांक 20 जनवरी 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री रामानंद कुशवाहा द्वारा पुलिस कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में जनपद के सम्मानित व्यापारी बंधुओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।
इस बैठक में क्षेत्राधिकारी नगर श्री योगेंद्र कृष्ण नारायन, क्षेत्राधिकारी यातायात श्री हिमांशु माथुर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर श्री सतेन्द्र राघव, यातायात निरीक्षक श्री सुभाष यादव सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी बंधु उपस्थित रहे।
अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा सर्वप्रथम व्यापारियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया गया। बैठक के दौरान बाजारों में अवैध अतिक्रमण और अवैध पार्किंग हटाने पर विशेष जोर दिया गया। सुरक्षा के दृष्टिगत पैदल गश्त बढ़ाने और पुलिस पिकेट लगाने के निर्देश दिए गए।
व्यापारियों को सीसीटीवी कैमरे लगाने, कर्मचारियों का चरित्र सत्यापन कराने तथा अधिक नकदी ले जाते समय पुलिस को सूचित करने की सलाह दी गई। साथ ही जनपद में निरंतर दिन-रात गश्त, संवेदनशील स्थलों पर पुलिस पिकेट और विशेष वाहन चेकिंग अभियान जारी रखने की जानकारी दी गई।
हाथरस पुलिस द्वारा व्यापारियों की सुरक्षा के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।







