हाथरस जनपद के मथुरा–बरेली हाईवे पर गांव साथनी के पास एक सड़क हादसा सामने आया है। यहां तेज रफ्तार से आ रही दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरी बाइक पर सवार लोगों को हल्की चोटें आने की सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल बाइक सवार को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा घायल का उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि घायल व्यक्ति की जेब से करीब 40 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। घायल की पहचान गांव फराह निवासी के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच में जुट गई है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।







