- हथरस।सासनी से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां कोतवाली क्षेत्र के गांधी चौक स्थित एक मेडिकल स्टोर में देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि दुकान में रखा लाखों रुपये का दवा स्टॉक और कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी तुषार गर्ग पुत्र रविंद्र गर्ग का गांधी चौक पर ‘गर्ग मेडिकल स्टोर’ नाम से प्रतिष्ठान है। रोजाना की तरह दुकान बंद कर संचालक घर चले गए थे। रात करीब 1:30 बजे अचानक दुकान के अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग की लपटें बाहर निकलने लगीं। आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दुकान मालिक और फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान के भीतर रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
पीड़ित दुकानदार के अनुसार इस हादसे में उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।







