जनपद हाथरस में आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार तथा जिलाधिकारी हाथरस के पर्यवेक्षण में अवैध मदिरा की रोकथाम एवं नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने हेतु प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम द्वारा कोटा बामोली, लुहेटा एवं मंडी समिति क्षेत्र में स्थित देशी एवं कंपोजिट मदिरा दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकानों पर उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का मिलान किया गया तथा टेस्ट परचेजिंग कर गुणवत्ता की जांच की गई। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण करते हुए अनुज्ञापियों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त सासनी क्षेत्र के छौंक, सलेमपुर तथा चन्दपा क्षेत्र के जाजपुर भटेला, बामोली सहित अन्य संदिग्ध स्थानों पर दबिश एवं छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक हाथरस क्षितिज कुमार, आबकारी निरीक्षक सासनी अच्छे लाल मिश्र सहित आबकारी स्टाफ मौजूद रहा।







