हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के भगवंतपुर गांव में एक गत्ता फैक्ट्री और गोदाम में आज सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि इस पर काबू पाने में करीब 5 घंटे का समय लगा और लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
फैक्ट्री के अंदर से धुआं और आग की लपटें उठती देख वहां अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री मालिक तरुण शर्मा पुत्र चंद्रशेखर शर्मा को सूचना मिलने पर वे तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की भीड़ भी वहां जमा हो गई और लोगों ने पहले खुद आग बुझाने का प्रयास किया।जब आग पर काबू नहीं पाया जा सका, तो फायर स्टेशन को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड कर्मी दमकलों के साथ मौके पर पहुंचे। आग बुझाने के दौरान पानी की कमी के कारण काफी मशक्कत करनी पड़ी।फैक्ट्री की दीवारें तोड़ अंदर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मी..
करीब 5 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान पूरे फैक्ट्री परिसर में धुआं भर गया और अंदर रखा लाखों रुपए का गत्ता व अन्य सारा सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने के लिए कई स्थानों से फैक्ट्री की दीवारें भी तोड़नी पड़ीं। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।







