हाथरस।सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर में बीती रात चोरों ने जमकर तांडव मचाया। अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नगदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस दुस्साहसिक चोरी की घटना से गांव में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी राकेश शर्मा बीती रात अपनी पत्नी के साथ घर के बाहरी कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने मकान के पिछले हिस्से से घर में प्रवेश किया और अंदर के कमरे का ताला तोड़ दिया। चोरों ने कमरे में रखे संदूक और अलमारियों को खंगालते हुए वहां रखी नगदी के साथ-साथ लाखों रुपये मूल्य के कीमती आभूषण चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर बड़ी ही सफाई से फरार हो गए।
सुबह जब परिजन जागे तो कमरे का ताला टूटा और सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सासनी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।







