हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के आगरा रोड स्थित घास मंडी में संचालित देशी शराब के ठेके पर रविवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने ठेका बंद कराने की मांग को लेकर हंगामा किया और ठेके के मुख्य गेट पर बैठकर अपना विरोध जताया। सूचना मिलते ही कोतवाली सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़ी रहीं। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों को भी बुलाया गया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद महिलाओं को शांत कर उनके घर भेजा गया।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि ठेके पर सुबह से देर शाम तक शराब की बिक्री होने के कारण क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि कई लोग काम पर जाने के बजाय सीधे ठेके पर पहुंच जाते हैं और अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा शराब पर खर्च कर देते हैं, जिससे परिवारों की आर्थिक स्थिति खराब हो रही है। महिलाओं ने मांग की कि शराब के ठेके को आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर किसी अन्य स्थान पर स्थापित किया जाए।
हंगामे के दौरान कुछ महिलाओं ने ठेके के गेट की ओर पत्थर भी फेंके, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने इसकी सूचना ठेका संचालक तजवंत कालरा को दी। महिलाओं के विरोध प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जिसे पुलिस ने हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी में मामला शांत हो गया।









