हाथरस। बृज प्रसिद्ध राजकीय लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स ने अधिकारियों के साथ मेला परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार करते हुए मेला क्षेत्र, पार्किंग स्थल, महिला बाजार, पुलिस ड्यूटी प्वाइंट एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं भव्य बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेले के शुभारंभ में अभी लगभग ढाई माह का समय है, इसलिए सभी कमियों को समय से पूर्व दूर कर लिया जाएगा। श्री दाऊजी महाराज का लक्खी मेला बलदेव छठ से प्रारंभ होकर करीब 20 दिनों तक चलता है, जिसमें प्रतिदिन धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, सीओ सिटी हिमांशु माथुर, अधिशासी अधिकारी रोहित कुमार, मेला लिपिक रवि शर्मा सहित राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









