जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

0
7

 

हाथरस में लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर जिला प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

तहसील स्तर पर लंबित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि अविवादित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए, ताकि आमजन को समय पर राजस्व सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने राजस्व न्यायालयों में अनावश्यक रूप से लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने तहसीलवार उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि विवादित मामलों को छोड़कर अन्य सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और उसकी रिपोर्ट संबंधित पोर्टल पर तत्काल अपलोड की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी मामलों के निस्तारण में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखी जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए। उन्होंने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप राजस्व कार्यों में तेजी लाने और जनसामान्य की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण से प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत होगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here