पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गैंग का किया पर्दाफाश,3 शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

0
13

 

हाथरस पुलिस को वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता मिली है। थाना सादाबाद पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें और एक मोटरसाइकिल का इंजन बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के दौरान थाना सादाबाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। रात्रि गश्त के दौरान सलेमपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास बंबा पुलिया से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित शर्मा निवासी आगरा, रवि सिंह एवं उजवल निवासी ग्राम छतारा थाना सादाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें और एक खुला इंजन बरामद किया है। बरामद वाहनों में अधिकांश हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें शामिल हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आगरा और आसपास के जनपदों से दोपहिया वाहन चोरी करते थे और बाद में उन्हें सादाबाद क्षेत्र में लाकर अनजान लोगों को बेच देते थे। चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचकर मिलने वाली रकम को आपस में बराबर बांट लेते थे और अपने शौक पूरे करते थे।

पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिलों में से एक बाइक आगरा के थाना एतमादुद्दौला क्षेत्र से चोरी की गई थी, जबकि अन्य वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ थाना सादाबाद में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि मुख्य आरोपी मोहित शर्मा के खिलाफ पहले भी वाहन चोरी सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं रवि सिंह और उजवल का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गैंग के अन्य सदस्य कौन हैं तथा अब तक कितने वाहन चोरी किए जा चुके हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here