हाथरस पुलिस को हत्या के एक सनसनीखेज मामले में बड़ी सफलता मिली है। थाना मुरसान और थाना सासनी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हत्या की घटना को अंजाम देने वाले एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद की है।
दरअसल, 14 जून 2026 को थाना मुरसान क्षेत्र में सुनील नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई विकास कुमार ने थाना मुरसान में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके भाई को तीन लोगों ने घर से बुलाकर ले जाने के बाद गोली मार दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर चार विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 जून को ही मामले के एक आरोपी अजय सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
वहीं फरार चल रहे दूसरे आरोपी चन्दन पुत्र ओमवीर सिंह निवासी ग्राम रहना थाना हाथरस गेट की तलाश लगातार जारी थी। ग्राउंड इंटेलिजेंस, तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने 17 जून को थाना सासनी क्षेत्र के सुसायत कलां मोड़ के पास से आरोपी चन्दन को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद हुई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।









