हाथरस जिले के थाना मुरसान क्षेत्र के हार्डवेयर कारोबारी सुनील कुमार हत्याकांड को लेकर बुधवार को मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे और धरना-प्रदर्शन करते हुए फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार इगलास थाना क्षेत्र के असरौई निवासी हार्डवेयर कारोबारी सुनील कुमार की 14 जून को पैसों के लेन-देन के विवाद में हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले में नामजद तीन आरोपियों में से अजय सिंह और चंदन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी सुखवीर फौजी अभी फरार बताया जा रहा है।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजन और ग्रामीण सुबह कलेक्ट्रेट पहुंचे और धरने पर बैठ गए। मृतक की पत्नी अंजू देवी ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए भावुक होकर न्याय की गुहार लगाई। वहीं मृतक के भाई विकास चौधरी ने कहा कि परिवार को तभी न्याय मिलेगा जब सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम करने का भी प्रयास किया, लेकिन सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें समझाकर शांत कराया। कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक प्रताप चौधरी और राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह भी शामिल रहे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई।
बाद में जिलाधिकारी अतुल वत्स धरनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से वार्ता की। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारी धरना समाप्त कर वापस लौट गए।









