आइजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण को लेकर सीडीओ पीएन दीक्षित ने की समीक्षा बैठक

0
10

 

हाथरस।शासन के निर्देशों के अनुपालन में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण को लेकर मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शिकायतों के प्रभावी समाधान पर जोर दिया।

सीडीओ ने कहा कि आयोग से प्राप्त संदर्भ, आरटीआई प्रकरण, आईजीआरएस पोर्टल और जनता दर्शन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं से संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं का वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सीडीओ ने कहा कि यदि कोई मामला संबंधित विभाग से जुड़ा नहीं है तो उसे तत्काल सक्षम विभाग को प्रेषित किया जाए। साथ ही आरटीआई सहित अन्य प्रकरणों में निर्धारित समय सीमा के भीतर सटीक और संतोषजनक सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। आयोग से संबंधित मामलों में समय पर जांच कर गुणवत्तापूर्ण आख्या भेजने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here