आगामी त्यौहार मोहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न करने के उद्देश्य से सिकंदराराऊ थाने में मुस्लिम धर्म गुरुओं और गणमान्य नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठक की गई आयोजित

0
9

 

हाथरस।मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से हाथरस पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जनपद के सादाबाद और सिकन्द्राराऊ थानों में ताजियादारों, मुस्लिम धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक सादाबाद और प्रभारी निरीक्षक सिकन्द्राराऊ ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में आगामी मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया। बैठक में ताजियादार, मुस्लिम धर्मगुरु तथा क्षेत्र के गणमान्य और संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।

बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा सभी से फीडबैक प्राप्त किया। अधिकारियों ने अपील की कि मोहर्रम का पर्व पूर्व वर्षों की भांति शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए तथा किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू न की जाए।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कोई भी ताजिया बिना अनुमति के नहीं निकाला जाएगा। ताजिया जुलूस के रूट और समय की जानकारी पूर्व में प्रशासन और पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। साथ ही पारंपरिक मार्गों का ही उपयोग करने और रूट में किसी प्रकार का बदलाव न करने की बात कही गई।

बैठक में डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने, ताजियों की ऊंचाई और चौड़ाई में परिवर्तन न करने तथा प्रत्येक ताजिया के साथ वालंटियर नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए। वालंटियर्स के नाम और मोबाइल नंबर की सूची संबंधित थाने में जमा कराने को कहा गया।

अधिकारियों ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक संदेशों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म या समुदाय के संबंध में आपत्तिजनक अथवा भड़काऊ पोस्ट न करें और बिना पुष्टि किसी भी सूचना पर विश्वास न करें। पुलिस की सोशल मीडिया टीम लगातार निगरानी कर रही है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मोहर्रम पर्व मनाने की अपील की है, ताकि जनपद में शांति व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द कायम रह सके।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here