हाथरस में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली री-एग्जामिनेशन नीट यूजी-2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित नीट यूजी-2026 परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सघन जांच, परीक्षा सामग्री की गोपनीयता तथा शासन और एनटीए के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता, विश्वसनीयता और शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पवित्रता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्ति तक हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को समय से परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने तथा व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, फ्रिस्किंग, अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन और अन्य निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षार्थियों को सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा पीने के पानी की व्यवस्था परीक्षा कक्ष में ही सुनिश्चित की जाए, ताकि छात्रों का समय व्यर्थ न हो।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने बताया कि नीट यूजी-2026 की लिखित परीक्षा 21 जून, रविवार को जनपद के चार परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक होगी, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा का समय शाम 6 बजकर 15 मिनट तक निर्धारित किया गया है।
जनपद के चार परीक्षा केंद्रों पर कुल 1188 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें सरस्वती इंटर कॉलेज आगरा रोड पर 228, सेठ फूलचंद बागला पीजी कॉलेज में 360, श्री अकूर इंटर कॉलेज में 360 तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में 240 अभ्यर्थियों को परीक्षा हेतु आवंटित किया गया है।
परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए सभी चार केंद्रों पर कुल 8 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 4 सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा आवश्यकतानुसार कक्ष निरीक्षकों की भी नियुक्ति कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि नीट यूजी-2026 परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।









