अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार युवक हुआ घायल,हायर सेंटर रेफर

0
12

हाथरस। अलीगढ़-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया,

जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद अलीगढ़ के थाना गभाना क्षेत्र स्थित गांव पला कस्थरी निवासी 17 वर्षीय भूप सिंह पुत्र सोरन सिंह अपनी स्कूटी से फिरोजाबाद जा रहे थे। बताया गया है कि वह किसी पारिवारिक शोक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ससुराल जा रहे थे। जैसे ही वह सासनी क्षेत्र में समामई स्थित 14 नंबर ईंट भट्ठे के समीप पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि भूप सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here