मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना को मिलेगी रफ्तार, डीएम ने ग्रामीण मार्गों पर बस संचालन के दिए निर्देश

0
13

 

हाथरस।मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं बस स्वामियों के साथ बैठक की। उन्होंने आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर चिन्हित मार्गों पर बसों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को सुलभ और सुदृढ़ परिवहन व्यवस्था से जोड़ना है, ताकि गांवों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ विशेष रूप से उन गांवों को मिलेगा, जहां सार्वजनिक परिवहन की सुविधा सीमित है या उपलब्ध नहीं है।

उन्होंने बस स्वामियों से योजना के निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जनहित में परिवहन सेवाओं का संचालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियमित, सुरक्षित और विश्वसनीय परिवहन सेवाएं ग्रामीण विकास को नई गति देंगी।

बैठक में एआरएम रोडवेज ने बताया कि जिले की 67 ग्राम पंचायतों को जोड़ने वाले 13 मार्गों को बस संचालन के लिए चिन्हित किया गया है। इन मार्गों के संचालन के लिए जिले के चारों विकास खंडों से आवेदन प्राप्त हुए हैं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, एआरएम रोडवेज तथा बस स्वामी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here