हाथरस के सिकंद्राराऊ क्षेत्र से एक बेहद दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। हबीबपुर पेट्रोल पंप के पास हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में 18 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक दंपति गंभीर रूप से घायल है।
सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे सिकंद्राराऊ थाना क्षेत्र के हबीबपुर पेट्रोल पंप के निकट दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और तीनों सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
मृतक की पहचान खेमगढ़ी निवासी 18 वर्षीय भूपेंद्र यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपनी बहन को बरामई गांव में एक पारिवारिक समारोह में छोड़कर वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर रोहित और उनकी पत्नी सीमा सवार थे, जो पंचो गांव से खेड़ासुल्तानपुर जा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंद्राराऊ भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए सभी को जे.एन. मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान भूपेंद्र यादव ने दम तोड़ दिया।
वहीं, रोहित और सीमा का उपचार जारी है।
भूपेंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी और वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का सहारा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।










