हाथरस के सिकंद्राराऊ कस्बे की मंडी गांधीगंज में एक पागल कुत्ते का आतंक लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। स्थानीय लोगों का दावा है कि कुत्ता अब तक करीब 15 लोगों को काट चुका है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर पालिका की ओर से कुत्ते को पकड़ने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
सिकंद्राराऊ की मंडी गांधीगंज स्थित मंदिर के आसपास रहने वाला एक आवारा कुत्ता अचानक आक्रामक हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार कुत्ता राह चलते लोगों पर हमला कर रहा है और अब तक करीब 15 लोगों को काट चुका है। घायलों ने अस्पताल पहुंचकर एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाए हैं। घटना के बाद क्षेत्र के लोग घरों से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर पालिका प्रशासन को इस संबंध में सूचना दी, लेकिन अब तक कुत्ते को पकड़ने के लिए कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए पागल कुत्ते को पकड़ने और क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।










