हाथरस जिले के मथुरा-बरेली हाईवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को नेशनल हाईवे एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव टुकसान के पास मथुरा-बरेली हाईवे पर नवल नगर निवासी मदन मुरारी दीक्षित (60) पुत्र हर प्रसाद अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर नेशनल हाईवे एंबुलेंस मौके पर पहुंची और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आई, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
परिजनों ने बताया कि 6 जुलाई 2026 को उनके बेटे की शादी होनी है। मदन मुरारी दीक्षित बेटे की शादी के निमंत्रण पत्र (कार्ड) बांटकर घर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है।










