हाथरस जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) गुरुवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। परीक्षा का आयोजन जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर किया जा रहा है। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में जिले भर में कुल 18,600 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। आज और कल परीक्षा दो-दो पालियों में आयोजित की जा रही है, जबकि 4 जुलाई को एक पाली में परीक्षा संपन्न होगी। प्रत्येक पाली में 3,720 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ रही। प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई और कड़ी सुरक्षा जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों की टीमें लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।










