हाथरस। जिले में आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 के अंतिम दिन शनिवार को परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने शहर के बागला इंटर कॉलेज और अक्रूर इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन एवं अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की जांच कर उनकी कार्यप्रणाली को परखा तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा की निष्पक्षता और गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।










