हाथरस। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण सर्पदंश की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। बीती रात जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कई लोगों को सांप ने डंस लिया।
घायलों में नयावांस निवासी पिंकी देवी पत्नी रमेश चंद्र व गांव हाजीपुर, कोतवाली हाथरस जंक्शन निवासी जमुना देवी पत्नी दिनेश कुमार शामिल हैं। परिजनों ने दोनों महिलाओं को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।
बारिश के चलते सांपों के बिलों में पानी भर जाने से वे आबादी वाले इलाकों और घरों में निकलकर आ रहे हैं, जिससे सर्पदंश की घटनाएं बढ़ रही हैं। जिला अस्पताल में भर्ती कुछ मरीजों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर अलीगढ़ रेफर कर दिया।
चिकित्सकों ने लोगों से बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने और सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की है।










