हाथरस। जनपद में 12 जुलाई को होने वाले वृहद महा-वृक्षारोपण अभियान की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जिला प्रशासन और वन विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। इस बार जिले में 23 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) राकेश चंद्र ने बताया कि अभियान के लिए सभी विभागों को लक्ष्य आवंटित कर दिए गए हैं और पौधों का उठान युद्ध स्तर पर जारी है। अब तक करीब 9 लाख पौधों का उठान हो चुका है तथा सभी विभागों को शत-प्रतिशत इंडेंट जारी किए जा चुके हैं। प्रयास है कि अभियान से पहले सभी पौधे निर्धारित स्थलों तक पहुंचा दिए जाएं।
उन्होंने बताया कि जिले का मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन में आयोजित होगा, जहां जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में 500 से अधिक पौधों का रोपण किया जाएगा। अभियान में वन विभाग और ग्रामीण विकास विभाग सबसे अधिक संख्या में पौधे लगाएंगे।
डीएफओ ने आमजन, स्कूली बच्चों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप इस वृक्षारोपण अभियान को जनभागीदारी के साथ एक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।










