हाथरस। थाना चन्दपा साइबर क्राइम पुलिस टीम ने साइबर ठगी के दो पीड़ितों की कुल 53,067 रुपये की धनराशि उनके बैंक खातों में वापस कराई है। पुलिस के अनुसार ककोड़ी निवासी नीरू आजाद के खाते से अनजान लिंक के माध्यम से 24,657 रुपये तथा अल्लैपुर निवासी प्रमोद कुमार के खाते से 28,410 रुपये की ठगी हुई थी। दोनों ने एनसीआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में थाना चन्दपा साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराया और पूरी धनराशि वापस दिलाई। रकम वापस मिलने पर दोनों शिकायतकर्ताओं ने हाथरस पुलिस का आभार जताया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, पिन और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें तथा साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।










