हाथरस पुलिस ने हसायन क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए चोरी करने वाले गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और 33 हजार 300 रुपये नकद बरामद किए हैं।
मामला थाना हसायन क्षेत्र के गांव छीतीपुर का है, जहां महावीर सिंह के घर से 7 मई को अज्ञात चोरों ने नकदी और जेवरात चोरी कर लिए थे। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
चेकिंग अभियान के दौरान थाना हसायन पुलिस ने ग्राम नगला रति के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक जोड़ी चांदी की पाजेब, चार जोड़ी पायल, दो बच्चा कंदुनी, तीन सोने की अंगूठियां और 33,300 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पहले सुनसान मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलने पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।










