भारतीय किसान यूनियन(भानू) के पदाधिकारियों और किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सिकंदराराऊ तहसील पर किया धरना प्रदर्शन

0
18

 

हाथरस के सिकंद्राराऊ तहसील परिसर में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (भानू) के पदाधिकारियों और किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों ने प्रशासन पर लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान न करने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक धरना जारी रहेगा।

भारतीय किसान यूनियन (भानू) के अलीगढ़ मंडल अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सचिव ठाकुर राम जादौन ने बताया कि बनवारीपुर में जलभराव की समस्या का अब तक समाधान नहीं हुआ है। इसके साथ ही पुरदिल नगर में कथित भ्रष्टाचार के मामलों की जांच लंबित है। उन्होंने हसायन थाना क्षेत्र के नगला उदैया निवासी प्रदीप कुमार के यहां हुई 15 लाख रुपये की चोरी का खुलासा करने तथा बारिश से बर्बाद हुई किसानों की फसलों का उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई।

उन्होंने कहा कि केवल ज्ञापन देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। जब तक सभी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक किसान तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना जारी रखेंगे। धरने में आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।

धरने को लेकर उप जिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि तहसील प्रशासन किसानों के साथ है। यदि किसान अपनी मांगों का ज्ञापन देना चाहते हैं तो प्रशासन उसे स्वीकार कर नियमानुसार कार्रवाई करेगा।

वहीं, पुरदिल नगर नगर पंचायत अध्यक्ष हर्षकांत कुशवाहा ने अपने ऊपर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के सभी विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार कराए जा रहे हैं और उनकी टीम पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here