हाथरस थाना कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव बुलगढ़ी में 10 जुलाई को ट्रैक्टर के नीचे दबकर हुई सनी वाल्मीकि की मौत के मामले में घटना के तीन दिन बाद सदर विधायक अंजुला माहौर, जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्रथम किस्त के रूप में 4 लाख 12 हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता का स्वीकृति पत्र सौंपा।
बताया गया कि यह सहायता पुलिस अधीक्षक हाथरस द्वारा प्रेषित आर्थिक सहायता संस्तुति के क्रम में जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई है।
इस दौरान पीड़ित परिवार ने सदर विधायक, डीएम और एसपी के समक्ष न्याय की मांग रखते हुए आरोपियों को आजीवन कारावास एवं फांसी की सजा दिए जाने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि उन्हें निष्पक्ष जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई की उम्मीद है।
गौरतलब है कि 10 जुलाई को खेत में फंसे ट्रैक्टर को निकालने के दौरान ट्रैक्टर पलट गया था, जिसमें सनी वाल्मीकि की मौत हो गई थी। हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने गांव के बनी सिंह पर हत्या का आरोप लगाया था।
इस मामले में थाना चंदपा पुलिस मुकदमा दर्ज कर विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।










