हाथरस। आदर्श महिला एवं बाल कल्याण संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा राणा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर एक नाबालिग पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी के नाम एसडीएम नवनीत कौर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के एक गांव की 14 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन घटना में नामजद अन्य चार आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं। आरोप है कि ये आरोपी पीड़ित परिवार पर समझौता करने और मुकदमे में फैसला प्रभावित करने का दबाव बना रहे हैं।
रेखा राणा ने प्रशासन से मांग की कि शेष आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़िता और उसके परिवार को न्याय मिल सके तथा उन्हें सुरक्षा का भरोसा मिल सके। इस दौरान पीड़िता के माता-पिता सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।










