हाथरस। शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने टीवी अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नई इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. सूर्य प्रकाश से वार्ड में उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली और निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि वर्तमान इमरजेंसी को टीवी अस्पताल परिसर की इमारत में स्थानांतरित किया जा रहा है। नई इमरजेंसी में लगभग 20 बेड की व्यवस्था होगी। यहां मरीजों को ऑक्सीजन, ब्लड बैंक और पार्किंग जैसी बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य पूरा होते ही कुछ ही दिनों में नई इमरजेंसी शुरू कर दी जाएगी।
इसके बाद सीडीओ ने ब्लड बैंक का भी निरीक्षण किया तथा टीवी अस्पताल परिसर के पीछे निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।










