मतदेय स्थलों की अंतिम सूची जल्द होगी जारी,डीएम अतुल वत्स ने राजनीतिक दलों संग की समीक्षा बैठक

0
12

 

हाथरस जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अतुल वत्स ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद के मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप देने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदेय स्थलों के सम्भाजन, परिवर्तन तथा प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित सभी मतदेय स्थलों का संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों द्वारा भौतिक सत्यापन कराया जा चुका है। प्राप्त आपत्तियों और सुझावों का नियमानुसार परीक्षण एवं निस्तारण करने के बाद मतदेय स्थलों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता, निष्पक्षता और मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी की जा रही है।

डीएम ने कहा कि मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का उद्देश्य प्रत्येक मतदाता को अपने मतदान केंद्र तक सुरक्षित और सुगम पहुंच उपलब्ध कराना तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि पूर्व में आयोजित बैठक में राजनीतिक दलों को आयोग के दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए गए थे और अब अंतिम चरण में प्राप्त सुझावों पर विचार किया जा रहा है। बैठक में जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों एवं बूथों के युक्तिकरण पर विस्तार से चर्चा की गई।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि यदि कोई अंतिम आपत्ति या सुझाव शेष हो तो उसे तत्काल संबंधित उप जिलाधिकारी या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) के समक्ष प्रस्तुत करें, ताकि समयबद्ध तरीके से उसका निस्तारण किया जा सके। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंतिम सूची के प्रकाशन से पहले सभी औपचारिकताएं निर्धारित समय सीमा में पूरी करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें।

बैठक में सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार सिंह, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत तिवारी, सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here