लखनऊ में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (आरएएम) पार्टी के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें हाथरस जिले के प्रतिनिधिमंडल ने पार्टी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष विश्वदीप अवस्थी एडवोकेट भी मौजूद रहे।
बैठक में यूजीसी से जुड़े कथित “रोल बैक” मुद्दे और युवा छात्रों के हितों को लेकर करीब दो घंटे तक विस्तार से चर्चा की गई। हाथरस जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष को जिले के 118 पदाधिकारियों और 2650 सदस्यों की सूची सौंपी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अलंकार अग्निहोत्री ने निर्देश दिए कि हाथरस जनपद के सभी बूथों, ग्राम पंचायतों, वार्डों, ब्लॉकों और तहसीलों में संगठन की समितियों का गठन शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि आगामी विधानसभा चुनावों में हाथरस, सिकंदराराऊ और सादाबाद सीटों पर पार्टी मजबूती के साथ चुनाव लड़ सके।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा ने 1 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक सासनी के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली श्रीराम कथा एवं श्रीराम लीला के भव्य आयोजन का निमंत्रण भी पार्टी नेतृत्व को दिया। विद्वान कथावाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज द्वारा श्रीराम कथा का वाचन किया जाएगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अलंकार अग्निहोत्री और प्रदेश अध्यक्ष विश्वदीप अवस्थी ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए सासनी आने का आश्वासन दिया।
लखनऊ पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा, जिला महासचिव एवं प्रभारी निशांत उपाध्याय, सासनी नगर अध्यक्ष कालू पंडित तथा पूर्व भाजपा विस्तारक संजीव गोयल प्रमुख रूप से शामिल रहे।










