हाथरस। शनिवार को शहर के बागला डिग्री कॉलेज मैदान में उत्तर प्रदेश दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान रहीं। मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा राधा-कृष्ण जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, हाथरस ब्लॉक प्रमुख पूनम पांडे, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर स्कूली छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा। कार्यक्रम के दौरान सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस अब पूरे प्रदेश में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है और सरकार इसे “उत्तम प्रदेश दिवस” के रूप में मना रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं तथा डबल इंजन की सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं, जिससे गरीब और जरूरतमंद वर्ग को सीधा लाभ मिल रहा है।







