हाथरस। विकासखंड सादाबाद के सभागार कक्ष में शुक्रवार को ब्लॉक बाल संरक्षण समिति एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा बाल विवाह टास्कफोर्स की बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार सिंह ने की।
बैठक में बच्चों और महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित कराने पर जोर दिया गया। खंड विकास अधिकारी ने लोगों से अपील की कि जरूरतमंद बच्चों और महिलाओं को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाया जाए। साथ ही बच्चों को टीवी और मोबाइल से दूर रखते हुए उन्हें अच्छे संस्कार देने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला कल्याण विभाग की डीएमसी मोनिका ने बेटियों को आगे बढ़ने के लिए समान अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, रानी लक्ष्मीबाई एवं बाल सम्मान कोष, महिला हेल्पलाइन 181, वन स्टॉप सेंटर, स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बाल विवाह रोकने, बाल श्रम समाप्त करने, घरेलू हिंसा के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ होने वाले सामाजिक भेदभाव को खत्म करने की अपील की। इस दौरान हेल्पलाइन नंबर 1098 और 112 की जानकारी भी दी गई।
बाल विकास परियोजना अधिकारी सोनू आर्या ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सरकारी योजनाओं के अधिक से अधिक आवेदन कराने और ग्राम बाल संरक्षण समिति की बैठकों का कार्यवृत्त प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं विशेष दत्तक ग्रहण इकाई की सामाजिक कार्यकर्ता प्रीती गोयल ने बच्चे को गोद लेने की कानूनी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग से बंटी कुशवाहा सहित सादाबाद विकासखंड की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं मौजूद रहीं।










