हाथरस।थाना सासनी क्षेत्र के गांव सठिया में पड़ोसियों से झगड़े के बाद 36 वर्षीय राकेश पुत्र फागुनी सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि बीती रात राकेश का पड़ोसियों से विवाद हो गया, जो मारपीट और पथराव में बदल गया। झगड़े से बचने के लिए राकेश छत पर चला गया, जहां करंट की चपेट में आकर अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन उसे सासनी सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। इमरजेंसी में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि करंट लगने के बाद बेहोश हुए राकेश को कुछ लोगों ने छत से नीचे धक्का दिया। राकेश ड्राइवर था और अपने पीछे तीन छोटे बच्चे छोड़ गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










