हाथरस।‘हर मन तिरंगा, हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को शहर के सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज में देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर तिरंगा बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद कॉलेज परिसर में आयोजित वंदे मातरम् गायन में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
वंदे मातरम् गायन के बाद कॉलेज के सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान अतिथियों का पटका पहनाकर और बुके भेंट कर स्वागत किया गया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से जुड़ी विभिन्न प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों के दौरान पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने ‘जय जय भारत देश’ गीत प्रस्तुत किया। वहीं अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के जीवन चरित्र पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। ‘संभाजी’ नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने वीरता, त्याग और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने ‘लहरा दो तिरंगा’ गीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी। छात्राओं ने ‘झूला तो पड़ गयो अमुआ की डाल पर’ गीत पर सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह गुड्डू, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, सीडीओ पीएन दीक्षित, एडीएम न्यायिक, रालोद जिलाध्यक्ष श्याम प्रधान, अपना दल जिलाध्यक्ष सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज के फादर, बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।










