‘हाथरस।हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत बुधवार को पुरदिलनगर में नगर पंचायत अध्यक्ष हर्ष कांत कुशवाहा के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में भाजपा जिला महामंत्री सोमेश यादव सहित भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं, युवाओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ नगर पंचायत कार्यालय परिसर से हुआ। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकले लोगों से पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों और बाजारों से होकर गुजरी। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और प्रतिभागियों का अभिनंदन किया। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा। युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
नगर पंचायत अध्यक्ष हर्ष कांत कुशवाहा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, एकता और जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने नगरवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।
भाजपा जिला महामंत्री सोमेश यादव ने कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रध्वज का सम्मान करे और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में योगदान दे।
आयोजकों ने बताया कि 9 से 17 अगस्त तक चल रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रा के समापन पर लोगों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं, नगर पंचायत से जुड़े लोगों, युवाओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही।










