हाथरस।‘हर मन तिरंगा, हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अलीगढ़ रोड स्थित सेंट फ्रांसिस कॉलेज में आयोजित देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम में छात्र रियांश ने चंद्रशेखर आजाद का किरदार निभाकर शानदार प्रस्तुति दी। छात्र की जोशीली और देशभक्ति से भरपूर प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का ध्यान आकर्षित किया।
रियांश ने चंद्रशेखर आजाद के रूप में अपने अभिनय और संवादों से स्वतंत्रता संग्राम की वीरता और देशभक्ति की भावना को जीवंत कर दिया। उसकी प्रस्तुति से प्रभावित होकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने अपने संबोधन के दौरान छात्र रियांश को मंच पर बुलाया और उसकी जमकर सराहना की।
इसके बाद डीएम अतुल वत्स ने अपनी जेब से पैन निकालकर छात्र रियांश को अपने हाथों से भेंट किया। डीएम के हाथों से पैन पाकर छात्र रियांश के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ नजर आया। डीएम का यह आत्मीय अंदाज कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा और आकर्षण का केंद्र बन गया।
छात्र को सम्मानित करते हुए डीएम अतुल वत्स ने उसकी प्रस्तुति और उत्साह की सराहना की। वहीं, डीएम द्वारा अपनी जेब से पैन निकालकर छात्र को सम्मानित किए जाने की इस सहज और दिली भावना ने कार्यक्रम को एक यादगार पल दे दिया।
छात्र रियांश की प्रस्तुति और डीएम अतुल वत्स द्वारा उसे दिए गए सम्मान ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों के दिलों पर खास छाप छोड़ी है।










