सदर तहसील परिसर में रेवेन्यू बार एसोसिएशन का चुनाव हुआ सम्पन्न,सत्य प्रकाश वर्मा बने अध्यक्ष,अमित उपाध्याय घोषित हुए महासचिव व वरिष्ठ उपाध्यक्ष घोषित हुईं रेखा जैन

0
30

 

हाथरस। शनिवार को अलीगढ़ रोड स्थित तहसील सदर परिसर में रेवेन्यू बार एसोसिएशन का चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुआ। सुबह से ही अधिवक्ताओं में मतदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल 93 मतदाताओं में से 90 अधिवक्ताओं ने मतदान कर चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाया।

इस प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में अध्यक्ष पद पर सत्यप्रकाश वर्मा एवं महासचिव पद पर अमित उपाध्याय निर्वाचित घोषित किए गए। अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में सत्यप्रकाश वर्मा को 48 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अशोक कुमार शर्मा को 42 मत मिले। इस प्रकार सत्यप्रकाश वर्मा 6 मतों से विजयी रहे।

महासचिव पद पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिला, जिसमें अमित उपाध्याय को 40 मत, ब्रजकांत बाबू को 30 मत तथा मदन मोहन गौड़ को 20 मत प्राप्त हुए। अमित उपाध्याय 10 मतों के अंतर से महासचिव पद पर निर्वाचित हुए।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर श्रीमती रेखा जैन को 51 मत प्राप्त हुए, जबकि राजपाल सिंह पुनिया को 39 मत मिले। इस प्रकार श्रीमती रेखा जैन 12 मतों से वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुनी गईं।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। संपूर्ण चुनाव मुख्य चुनाव अधिकारी प्रमोद गोस्वामी एवं चुनाव अधिकारियों जमुना प्रसाद शर्मा तथा अजय कुमार शर्मा की देखरेख में संपन्न हुआ। इस संबंध में मीडिया प्रभारी शशांक पचौरी, एडवोकेट ने जानकारी दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here