हाथरस: स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर समूचा जनपद देशप्रेम के रंगों में रंगा नजर आया। हाथरस कलेक्ट्रेट परिसर में भी राष्ट्रभक्ति का एक अद्भुत और भव्य नजारा देखने को मिला, जहां रंग-बिरंगी सजावट और तिरंगे गुब्बारों से पूरा माहौल ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह ठीक 8 बजे
जिलाधिकारी अतुल वत्स द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया। कलेक्ट्रेट के इतिहास में यह पहला ऐतिहासिक अवसर था जब एक मोटरयुक्त मोन्यूमेंटल फ्लैग पोल (Monumental Flag Pole) पर लहराते विशाल तिरंगे को जिलाधिकारी द्वारा फहराया गया। ध्वजारोहण के तुरंत बाद उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक साथ मिलकर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ और राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ का सस्वर गायन कर मातृभूमि को नमन किया।
इस शुभ अवसर पर स्कूली छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत कर सभी में देशप्रेम का जोश भर दिया। स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों और देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को याद करते हुए जिलाधिकारी ने शहीदों की विधवाओं तथा उनके परिजनों को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इसके साथ ही, कलेक्ट्रेट में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
मीडिया से बात करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि ”80वें स्वतंत्रता दिवस पर जनपदवासियों और देशवासियों को बहुत-बहुत हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई। यहां ध्वजारोहण के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए और कलेक्ट्रेट परिवार, मीडिया बंधु तथा शहीदों के परिवारों के बीच इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जहां शहीदों को नमन किया गया।
आगे हमने अपने लिए क्या लक्ष्य निर्धारित किए हैं और अनुशासन के साथ कैसे कार्य करना है, उस पर विचार-विमर्श हुआ। हमारा यही प्रयास रहेगा कि हम लगातार आम जनमानस को न्याय दे सकें और शासन की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचा सकें।”
इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रशांत तिवारी, एडीएम न्यायिक प्रकाश चंद्र, ओसी कलेक्ट्रेट, डीएसओ विकास गौतम, कलेक्ट के अधिकारी और कर्मचारी अलावा आम लोग भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।










