हाथरस। हर घर तिरंगा अभियान एवं 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशानुसार जिला खेल कार्यालय हाथरस द्वारा क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के लिए 5 किलोमीटर तथा महिला वर्ग के लिए 3 किलोमीटर दौड़ कराई गई।
प्रतियोगिता का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रशांत तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव ने ध्वजारोहण किया और खिलाड़ियों को मिष्ठान वितरित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने प्रतियोगिता में प्रथम छह स्थान प्राप्त करने वाले पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
पुरुष वर्ग में रोहित ने प्रथम, सचिन ने द्वितीय, प्रीतम सिंह ने तृतीय, पंकज ने चतुर्थ, देव सिंह ने पंचम और रजत ने छठा स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में नीरू प्रथम, अनुष्का द्वितीय, भूमि तृतीय, तनिष चतुर्थ, राधिका पंचम और श्वेता छठे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के 60 और महिला वर्ग के 22 खिलाड़ियों सहित कुल 82 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी प्रेमनाथ यादव, परियोजना निदेशक शिव प्रताप सिंह सहित विकास भवन के अधिकारी-कर्मचारी, स्पोर्ट्स स्टेडियम के खिलाड़ी, कर्मचारी एवं प्रशिक्षक मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अंसार हुसैन, सूजी यादव, वर्षा रानी, सीमा सागर, असलम खान, सुभाष हरिओम एवं ललित ने सहयोग किया। सभी कार्यक्रम उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव के दिशा-निर्देशन में आयोजित किए गए।










