80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निस्वार्थ सेवा संस्थान के द्वारा राष्ट्रीय भक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव से ओत प्रोत कार्यक्रम का किया गया आयोजन

0
22

स्वतंत्रता दिवस पर निस्वार्थ सेवा संस्थान में राष्ट्रभक्ति का उल्लास

हाथरस। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर निस्वार्थ सेवा संस्थान द्वारा संस्था के कार्यालय, नया मिल, मुरसान गेट, हाथरस में राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साह और देशप्रेम के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात पूरे सम्मान एवं गरिमा के साथ ध्वजारोहण किया गया। तिरंगा लहराते ही उपस्थित सभी सदस्यों ने राष्ट्रगान के साथ देश के वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। इस दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति के भाव से भर गया और सभी के चेहरों पर राष्ट्रीय गौरव की झलक दिखाई दी।

ध्वजारोहण के उपरांत संस्था के सदस्यों ने विभिन्न देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम और उत्साह का संचार किया। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने भारत की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने तथा राष्ट्रहित में सदैव कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर संस्था के अध्यक्ष श्री सुनील अग्रवाल ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की सच्ची सेवा केवल बड़े कार्य करने से ही नहीं, बल्कि अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने से भी होती है। उन्होंने सभी से स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने तथा स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं जागरूक नागरिक ही मजबूत और विकसित भारत की नींव रख सकते हैं। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने स्वच्छता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों एवं आगंतुकों को मिठाई वितरित की गई।

इस अवसर पर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष/मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, प्रवक्ता हिमांशु गौड़, सोशल मीडिया प्रभारी सारांश टालीवाल, सह सचिव तरूण राघव, सह सचिव निश्कर्ष गर्ग, ध्रुव कोठीवाल, आशीष अग्रवाल, सतेंद्र मोहन, लोकेश सिंघल, विशाल सोनी, आलोक अग्रवाल, सुनील कुमार, अतीश अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here