हाथरस में भीषण सड़क हादसा,तेज़रफ़्तार कार अनियंत्रित होकर पलटी,3 की दर्दनाक मौत, चार घायल

0
22

हाथरस में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि ढाई साल के बच्चे समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र में अलीगढ़-एटा हाईवे पर हुआ।

बताया जा रहा है कि एक ही परिवार के सात लोग होंडा ब्रियो कार से नोएडा से उन्नाव जा रहे थे। रात करीब 2:50 बजे अचानक सामने आई एक कार से बचने के लिए चालक ने तेज ब्रेक लगा दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। अचानक ब्रेक लगने से कार अनियंत्रित होकर 4 से 5 बार पलट गई और करीब 20 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई।

हादसे में हरदोई के बालामऊ निवासी 26 वर्षीय रामजी, उनके 50 वर्षीय मामा जगत पाल और 35 वर्षीय मामा अवधेश की मौत हो गई। वहीं राजीव पाल, उनकी पत्नी गोल्डी, ढाई साल का बेटा नक्श और रिश्तेदार माया घायल हुए हैं।

घटना के बाद राहगीरों ने घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सभी को एंबुलेंस की मदद से हाथरस जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायलों का उपचार जारी है।

परिजनों के मुताबिक सभी लोग नोएडा के एकमूर्ति में किराए के मकान में रहकर कार वॉश का काम करते थे और उन्नाव में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रामजी ने कुछ महीने पहले ही सेकेंड हैंड कार खरीदी थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here