हाथरस। रविवार को आगरा रोड स्थित आशीर्वाद धाम कॉलोनी के निवासियों ने जलभराव और जर्जर सड़क की समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों पर समस्या का समाधान न कराने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। प्रदर्शन में महिला, पुरुष सहित बड़ी संख्या में कॉलोनी निवासी मौजूद रहे।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि वे पिछले कई महीनों से जलभराव की समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को लिखित शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका आरोप है कि जलभराव के कारण स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को काफी परेशानी हो रही है और कई लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं।
कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में चुनाव बहिष्कार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।










