पुलिस ने तीन शातिर वाहन चोरों को किया गिरफ्तार, कब्जे से चोरी की तीन बाइक,तमंचा व कारतूस किया बरामद

0
18

हाथरस में कोतवाली सदर पुलिस को वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल, एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त की रात संदिग्ध व्यक्ति और वाहन चेकिंग के दौरान कोतवाली नगर पुलिस ने किला पर अखाड़े वाले रास्ते पर शिव मंदिर के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुरसान क्षेत्र के कोटा कपुरा निवासी सुंदर, नौहरे चमनपुरा निवासी अब्दुल और चंदपा थाना क्षेत्र के भूतपुरा निवासी विशाल उर्फ हीरो के रूप में हुई है।

पुलिस ने इनके कब्जे से स्प्लेंडर प्लस, होंडा साइन और रॉयल एनफील्ड बुलेट समेत तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इसके अलावा आरोपी अब्दुल के पास से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी मिला है।

पूछताछ में आरोपियों ने अलग-अलग शहरों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें बेचने और रकम आपस में बांटकर मौज-शौक में खर्च करने की बात कबूल की। पुलिस के मुताबिक बरामद बुलेट मोटरसाइकिल करीब एक सप्ताह पहले मुरसान गेट के पास से चोरी की गई थी, जिसके संबंध में कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से उनके आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र राघव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चेकिंग और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here